(के.के. गुप्ता, वरिष्ठ संवाददाता)
श्रावस्ती।
इकौना–मझौवा मार्ग पर स्थित डायट स्कूल के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक नीलगाय से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के ग्राम मलौना खसियारी निवासी देशराज मिश्रा (45), पुत्र राधेश्याम मिश्रा, किसी आवश्यक कार्य से बुलेट मोटरसाइकिल से मझौवा रोड होते हुए इकौना बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह डायट स्कूल के पास पहुंचे, अचानक सामने नीलगाय आ जाने से उनकी मोटरसाइकिल जोरदार तरीके से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार घायल के पैर में कंपाउंड फ्रैक्चर होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर नीलगाय के अचानक आ जाने से हादसे होते रहते हैं, जिससे राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar