RIPORT- अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज
जनपद में उपभोक्ताओं को शुद्ध, मानक अनुरूप एवं पारदर्शी सेवाएं सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली द्वारा आज पेट्रोल पम्प अन्नपूर्णा फीलिंग स्टेशन नियर नवीन मंडी, हरगोविंददास जियो-बीपी तथा कन्नौज गैस एजेंसी एवं बाबा इंडेन ग्रामीण वितरक मानीमऊ का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने पेट्रोल पम्पों पर ईंधन की गुणवत्ता, माप-तौल की शुद्धता, डिस्पेंसिंग यूनिट की सील, स्टॉक रजिस्टर, कैश मेमो, रेट डिस्प्ले बोर्ड, स्वच्छता व्यवस्था तथा अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की गहन जांच की। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
गैस एजेंसियों के निरीक्षण में घरेलू गैस सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण रजिस्टर, बुकिंग एवं डिलीवरी व्यवस्था, उपभोक्ताओं से लिए जाने वाले शुल्क, सुरक्षा मानकों तथा गोदाम की व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि गैस वितरण में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए तथा उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं सुरक्षित सेवा उपलब्ध कराई जाए।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली ने संबंधित संचालकों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, उपभोक्ताओं के साथ शालीन व्यवहार रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा हेतु इस प्रकार के आकस्मिक निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे, जिससे जनपद में पारदर्शी, जवाबदेह एवं उपभोक्ता हितैषी व्यवस्था सुदृढ़ हो सके।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar