Breaking News
Home / BREAKING NEWS / कन्नौज- सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन संपन्न

कन्नौज- सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन संपन्न


“स्कूल चलो अभियान”
“नया सत्र, नया सवेरा”

* सेवानिवृत्त हुए 18 प्रधानाचार्यों व शिक्षकों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रिपोर्ट – अवनीश चंद्र तिवारी

कन्नौज
माध्यमिक शिक्षा विभाग, कन्नौज द्वारा “स्कूल चलो अभियान – नया सत्र, नया सवेरा” के अंतर्गत बोर्ड परीक्षा–2026 के सकुशल संपादन के उपरांत परीक्षा केंद्रों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन तिर्वा स्थित डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम सभागार में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण जी, मा० विधायक छिबरामऊ श्रीमती अर्चना पाण्डेय, मा० विधायक तिर्वा कैलाश सिंह राजपूत, पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह तथा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ सम्पन्न हुआ।

अतिथियों के स्वागत उपरांत विभाग द्वारा स्कूल चलो अभियान के तहत नवीन शैक्षणिक सत्र में कक्षा–8 एवं कक्षा–10 के विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने, ड्रॉपआउट शून्य रखने तथा विद्यार्थियों को केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही प्रवेश दिलाने के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

इस अवसर पर दिनांक 31.03.2026 को माध्यमिक विद्यालयों से सेवानिवृत्त हुए 18 प्रधानाचार्यों/शिक्षकों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षा–2026 को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने वाले समस्त परीक्षा केंद्रों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सराहा गया।

सत्र 2025-26 में प्रोजेक्ट अलंकार (सहयोगी अनुदान) योजना के अंतर्गत स्वीकृत विद्यालय— सुशीला देवी तेजसिंह कनौजिया स्मारक इंटर कॉलेज, ताहपुर एवं मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज, गुरसहायगंज, कन्नौज के प्रबंधक विजय सिंह कनौजिया को प्रतीकात्मक (आभासी) चेक प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि मंत्री असीम अरुण ने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा कि “विद्यालय केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की प्रयोगशाला हैं। शिक्षक वह दीप हैं जो स्वयं जलकर पीढ़ियों को प्रकाश देते हैं। सेवानिवृत्त शिक्षक हमारे अनुभव और ज्ञान की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका सम्मान समाज की नैतिक जिम्मेदारी है।”

उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का आंदोलन है, जिसमें अभिभावक, शिक्षक, प्रशासन और जनप्रतिनिधि सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कक्षा 8 एवं 10 के शत-प्रतिशत पंजीकरण और ड्रॉपआउट शून्य रखने के संकल्प को सराहते हुए इसे जनपद की शिक्षा गुणवत्ता में महत्वपूर्ण कदम बताया।

राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि “गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और सुलभ शिक्षा ही समाज में समान अवसर सुनिश्चित करती है। प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की किरण पहुँचना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।” उन्होंने विद्यालयों की आधारभूत आवश्यकताओं की पूर्ति, संसाधनों के सुदृढ़ीकरण तथा शिक्षा के अनुकूल वातावरण बनाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विधायक छिबरामऊ श्रीमती अर्चना पाण्डेय ने अपने संबोधन में अपने शिक्षक पिता को स्मरण करते हुए शिक्षकों के समर्पण की सराहना की तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु विभागीय प्रयासों की प्रशंसा की।

विधायक तिर्वा कैलाश सिंह राजपूत ने नवीन सत्र की शुभकामनाएं देते हुए सेवानिवृत्त शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की।

पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में निरंतर सहयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर जिला महामंत्री शैलेन्द्र द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष श्यामू राजपूत, विवेक पाठक, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय, मिथिलेश बाथम, सुभाष राजपूत, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भारी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और उत्साही छात्र उपस्थित रहे।

About One India 24 Live

Check Also

MPNEWS- धामनोद में लव जिहाद का मामला,पुलिस ने किया मामला दर्ज

🔊 पोस्ट को सुनें लोकेशन – धामनोद/धार मध्य प्रदेश धार जिले से जिला ब्यूरो चीफ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *