RIPORT- अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज
संविधान निर्माता, महान समाज सुधारक एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज काज़ी टोला स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने संबोधन मंत्री ने कहा कि बाबा साहेब की जयंती विश्व में, पूरे देश और जनपद में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि प्रदेश में स्थापित बाबा साहेब सहित अन्य सामाजिक न्याय के महान विभूतियों की प्रतिमाओं के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा हेतु प्रति प्रतिमा 10-10 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे, जिससे इन स्थलों को प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।

राज्य मंत्री ने विशेष रूप से काज़ी टोला स्थित बाबा साहेब डॉ.आंबेडकर,संत रविदास एवं भगवान बुद्ध जी की प्रतिमाओं के परिसर को और अधिक सुव्यवस्थित,आकर्षक एवं प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान करने की बात कही। उन्होंने बताया कि विधायक निधि, शासन से प्राप्त बजट एवं उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से इस स्थल का समग्र विकास कराया जाएगा, ताकि यह स्थान सामाजिक समरसता,शिक्षा और प्रेरणा का केंद्र बन सके।
उन्होंने कहा कि स्थापित पुस्तकालय को और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को ज्ञान अर्जन के बेहतर अवसर मिल सकें।
शिक्षा ही वह दीपक है जो समाज को आगे बढ़ाता है इस संदेश को आत्मसात करते हुए इस दिशा में ठोस कार्य किए जाएंगे।
उक्त के अतिरिक्त मंत्री ने सिमुआपुर,नेरा,सहजापुर, नसरापुर,रंगियनपुरवा कन्नौज में आयोजित कार्यक्रमो में शामिल होकर बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को याद किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी,कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar