* काऊ मिल्क प्लांट का संचालन मदर डेयरी द्वारा किया जाएगा, जो पूर्व में पराग डेयरी के अधीन था।
रिपोर्ट – अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने आज काऊ मिल्क प्लांट तथा सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल, उमर्दा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
काऊ मिल्क प्लांट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि अब इस प्लांट का संचालन मदर डेयरी द्वारा किया जाएगा, जो पूर्व में पराग डेयरी के अधीन था। उन्होंने कंट्रोल रूम, मिल्क एवं घी पैकेजिंग कक्ष, पनीर अनुभाग, एम.सी.सी. रूम, बटर सेक्शन तथा बॉयलर कक्ष सहित विभिन्न इकाइयों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि 30 अप्रैल 2026 तक टेस्टिंग का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिसके उपरांत प्लांट का नियमित संचालन प्रारंभ किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि टेस्टिंग प्रक्रिया पूरी तरह मानक अनुरूप, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ हो, ताकि संचालन प्रारंभ होते ही गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि यह प्लांट जनपद के दुग्ध उत्पादकों, उपभोक्ताओं तथा स्थानीय रोजगार सृजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मिर्च, बैंगन एवं टमाटर की रोपित फसलों का अवलोकन किया तथा हाईटेक नर्सरी में तैयार हो रही टमाटर, शिमला मिर्च, गोभी आदि की पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यहां उच्च गुणवत्ता वाले बीजों से उन्नत पौध तैयार कर निर्धारित शुल्क पर किसानों को उपलब्ध कराई जाती है, जिससे किसान कम लागत में अधिक उत्पादन एवं आय अर्जित कर सकें।
डीएम ने बीज उत्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकांश किसान बाजार से बीज पर निर्भर रहते हैं, अतः स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण बीज एवं पौध की उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इससे कृषि उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
इसके पूर्व जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन में संचालित 112 कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों एवं उनके निस्तारण के संबंध में भी जानकारी ली।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar