लखनऊ:
उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के करीब 42 हजार पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आज से शुरू हो गई है। यह परीक्षा अगले तीन दिनों तक प्रदेशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है—पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली शाम 3 बजे से 5 बजे तक। इस भर्ती परीक्षा में करीब 25 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है, जिसके चलते प्रदेशभर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच जिलों के स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या सेंधमारी की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कई एजेंसियां सक्रिय हैं और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एस.बी. शिरडकर के मुताबिक, श्रावस्ती को छोड़कर लगभग सभी जिलों में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती भी की गई है।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की थी और आवश्यक निर्देश दिए थे।
वहीं अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने 25, 26 और 27 अप्रैल को चार स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें लखनऊ-जौनपुर, लखनऊ-प्रयाग, वाराणसी-मऊ और वाराणसी-बिजौली रूट की स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं, जिससे परीक्षार्थियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
एफवीओ:
परीक्षा के पहले दिन ही अभ्यर्थियों की भारी भीड़ परीक्षा केंद्रों पर देखने को मिली। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar