गोण्डा,यूपी:
जनपद गोण्डा के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के धमसड़ा गांव में जमीन कब्जे को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने खेत पर कब्जा करने की नीयत से न केवल पेड़ों को काटा, बल्कि विरोध करने पर दलित महिलाओं के साथ मारपीट कर जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित महिलाओं मीना और निर्मला के अनुसार, वे परिवार के साथ बाजार गई थीं। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उनके खेत में लगे शीशम के पेड़ों को काटकर जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास शुरू कर दिया। जब महिलाओं को इसकी जानकारी हुई और उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि दबंगों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की।
महिलाओं का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें “फावड़े से काटकर इसी खेत में गाड़ देने” जैसी गंभीर धमकियां भी दीं, जिससे वे भयभीत हैं। घटना के बाद पीड़ितों ने थाना कर्नलगंज में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। अब सभी की नजरें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि पीड़ितों को कब तक न्याय मिल पाता है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar