Breaking News
Home / BREAKING NEWS / अमेठी के सर्राफा व्यापारी से प्रतापगढ़ में दिनदहाड़े हुई लाखों की लूट

अमेठी के सर्राफा व्यापारी से प्रतापगढ़ में दिनदहाड़े हुई लाखों की लूट


अमेठी के सर्राफा व्यापारी से प्रतापगढ़ में दिनदहाड़े हुई लाखों की लूट

पिस्टल के बल पर चांदी-नकदी लेकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश

प्रतापगढ़। जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर देल्हूपुर थाना क्षेत्र के गजहेड़ा जंगल के पास नकाबपोश बदमाशों ने अमेठी के एक सर्राफा व्यापारी से पिस्टल के बल पर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दे दिया। वारदात शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे की है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

अमेठी जनपद के रामगंज थाना क्षेत्र के ज्ञानीपुर गांव निवासी रितेश मौर्या रामगंज बाजार में सर्राफा की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार को वह अपने मित्र विकास सोनी और ड्राइवर के साथ कार से प्रयागराज गए थे। जहां से उन्होंने लगभग 7 किलो चांदी की खरीदारी की। वापस लौटते समय प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाना क्षेत्र में गजहेड़ा जंगल के पास तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।

बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने कार का शीशा नीचे करवाया और तभी एक बदमाश ने पिस्टल कारोबारी की छाती पर सटा दी। अन्य दो बदमाशों ने कार में रखा नकदी और चांदी से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे कार सवार सहम गए। इसके बाद तीनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए।

पीड़ित व्यापारी के मुताबिक लूटे गए बैग में करीब 9 लाख 60 हजार रुपये नकद और लगभग 3 किलो चांदी थी, जिसकी कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि पुलिस ने जांच के दौरान कार की तलाशी ली तो सीट के नीचे छिपाकर रखी गई लगभग 4 किलो चांदी बरामद हुई।

घटना के बाद व्यापारी सदमे में आ गए और करीब 40 मिनट तक पुलिस को सूचना नहीं दे सके। रात करीब 9:15 बजे हाईवे पेट्रोलिंग टीम वहां से गुजरी, तब पुलिस को पूरी घटना की जानकारी मिली। पुलिस सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग के डर से भी सूचना देने में देरी हुई, इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल, सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी द्वारा एसओजी और सर्विलांस टीमों को सक्रिय करते हुए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। हाईवे, संपर्क मार्गों, टोल प्लाजा और पेट्रोल पंपों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को पहले से व्यापारी के पास बड़ी मात्रा में नकदी और चांदी होने की जानकारी थी। इस एंगल से भी जांच की जा रही है कि कहीं अंदरूनी सूचना तो अपराधियों तक नहीं पहुंची। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही लूट का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About One India 24 Live

Check Also

वाराणसी में टोल महंगा: कैथी और डाफी प्लाजा पर 5 से 20 रुपये तक बढ़ी दरें

🔊 पोस्ट को सुनें वाराणसी। कैथी और डाफी टोल प्लाजा पर बुधवार से टोल दरों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *