गोण्डा-प्रदेश सरकार की नीति के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से थाना कोतवाली देहात में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने उपस्थित नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समाधान दिवस में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र से आए नागरिकों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जा, रास्ता अवरोध, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि, पारिवारिक विवाद सहित अन्य स्थानीय समस्याओं के प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से प्रकरणों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और तुरंत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे और समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करे। इसके साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता और विपक्षी पक्ष—दोनों को आमंत्रित कर पारदर्शी समाधान कराया जाए, ताकि भविष्य में विवाद की पुनरावृत्ति न हो।
समाधान दिवस के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को निश्चित समयसीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जो लेखपाल बिना सूचना के अनुपस्थित हैं, उन्हें शोकाज नोटिस जारी किया जाए।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली देहात, राजस्व और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने और प्रत्येक शिकायत का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar