सिर्फ 84 रुपये की संपत्ति के साथ चुनाव मैदान में उतरीं आशना थंपी, सादगी बनी चर्चा का विषय
नई दिल्ली/केरल। जहां एक ओर चुनावों में करोड़ों रुपये खर्च करने वाले उम्मीदवार आम बात हो गए हैं, वहीं 26 वर्षीय आशना थंपी अपनी सादगी के कारण चर्चा में हैं। केरल विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपने नामांकन में महज 84 रुपये की संपत्ति घोषित की है—जिसमें 40 रुपये नकद और 44 रुपये बैंक खाते में हैं।
जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुकी आशना थंपी अपना चुनाव पूरी तरह चंदे के सहारे लड़ रही हैं। वे खुद घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रही हैं और अपने अभियान को जनसहयोग से आगे बढ़ा रही हैं। करोड़पति उम्मीदवारों के बीच उनकी यह सादगी लोगों का ध्यान खींच रही है और एक अलग तरह की राजनीति का संदेश दे रही है।
आज की राजनीति में जहां चुनाव लड़ना काफी खर्चीला हो गया है, वहीं इतनी कम संपत्ति के साथ मैदान में उतरना अपने आप में एक अनोखी पहल मानी जा रही है। आशना की उम्मीदवारी को लेकर लोगों के बीच चर्चा के साथ-साथ बहस भी तेज हो गई है कि क्या सादगी और जनसमर्थन के दम पर राजनीति में नई दिशा संभव है।
राजनीति में पहले भी कई बड़े नेता साधारण पृष्ठभूमि से उभरकर सामने आए हैं, जैसे मुलायम सिंह यादव, लालू प्रसाद यादव, अरविंद केजरीवाल और मायावती। हालांकि समय के साथ राजनीति में संसाधनों और खर्च का दायरा काफी बढ़ गया है, जिससे आम पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों के लिए चुनौतियां भी बढ़ी हैं।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar