जिला ब्यूरो रिपोर्ट- सौभाग प्रजापति
मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। इंडियन गैस एजेंसी की कथित लापरवाही से नाराज़ लोगों ने एजेंसी के बाहर जमकर हंगामा किया और खाली गैस टंकियां सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से गैस सिलेंडर की डिलीवरी में देरी हो रही थी। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग के कई दिनों बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहे, जिसके चलते घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं मिलने से नाराज़ लोगों ने प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।
स्थिति बिगड़ती देख एजेंसी के कर्मचारियों ने कार्यालय बंद कर दिया और मौके से चले गए, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और समय पर गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने भी मामले की जांच कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति शांत हो गई है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar