मध्य प्रदेश धार जिले से जिला ब्यूरो चीफ सौभाग प्रजापति की रिपोर्ट
धार (मध्य प्रदेश) — तहसील धर्मापुरी के ग्राम सिमराली में 19 अप्रैल को सामाजिक समरसता का बड़ा उदाहरण पेश करते हुए मुख्यमंत्री कन्या निशुल्क विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन की तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं।
स्थानीय विधायक कालूसिंह ठाकुर के निवास पर आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में करीब 400 जोड़े एक साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। जानकारी के अनुसार, धरमपुरी ब्लॉक से लगभग 200 और नालछा ब्लॉक से करीब 200 जोड़ों का पंजीकरण हो चुका है। खास बात यह है कि इस आयोजन में सर्व समाज की भागीदारी देखने को मिल रही है, जिसमें एक मुस्लिम समुदाय का जोड़ा भी शामिल है, जो सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है।
कार्यक्रम की एक और विशेषता यह है कि विधायक कालूसिंह ठाकुर के पुत्र पवन (टोनी) ठाकुर और उनकी भतीजी किरण का विवाह भी इसी सम्मेलन में संपन्न होगा, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। आयोजन समिति और प्रशासन द्वारा सुरक्षा, भोजन, आवास सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar