गोण्डा — खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश शर्मा ने शुक्रवार को गोंडा मंडी पहुंचकर गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु रहें और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
मंत्री ने विशेष रूप से सभी क्रय केंद्रों पर तत्काल गेहूं खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद सर्किट हाउस में देवीपाटन मंडल के मंडल व जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने किसानों के भुगतान की नियमित समीक्षा करने पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें समय से भुगतान मिलना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खरीदे गए गेहूं की भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) को समयबद्ध डिलीवरी कराने के निर्देश भी दिए, ताकि भंडारण की समस्या उत्पन्न न हो।
मंत्री ने पूर्ति विभाग को पर्याप्त मात्रा में उपयोगी बोरों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था की भी नियमित निगरानी करने को कहा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आलोक कुमार समेत खाद्य एवं रसद विभाग के मंडल व जनपद स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्रय एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar