संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत सीडीओ ने ब्लॉक मनकापुर में समस्त कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण
गोण्डा-
मुख्य विकास अधिकारी गोण्डा श्रीमती अंकिता जैन ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत विकासखण्ड मनकापुर स्थित सभी कार्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विकासखंड परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा सभी कार्यालयों में अभिलेखों (रिकॉर्ड्स) को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिये।
निरीक्षण के दौरान परिसर में संचालित जन आधार केंद्र में शासन द्वारा निर्धारित जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र निर्गमन शुल्क का स्पष्ट अंकन दीवारों पर प्रदर्शित नहीं पाया गया, जिस पर खंड विकास अधिकारी, मनकापुर को तत्काल शुल्क विवरण प्रदर्शित कराए जाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मॉडल आवास का निर्माण कार्य प्रगति पर पाया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, तथा अधिकारी एवं कर्मचारी के नाम की पट्टिका भी नहीं लगी पाई गई। इस संबंध में संबंधित अधिकारी को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं कार्यालय में बैठने वाले सभी अधिकारी एवं कर्मचारी के नाम-पट्टिका लगाए जाने के निर्देश दिये गए।
निरीक्षण में विकासखंड परिसर में निर्मित टैक्सी स्टैंड को एक सराहनीय पहल बताया गया तथा परिसर में उपलब्ध डेडिकेटेड पार्किंग का निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित कराए जाने हेतु खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar