भाई ने ही की भाई की हत्या, कर्नलगंज पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
यूपीएससी की तैयारी कर रहा था आरोपी, 31,500 रुपये व आलाकत्ल चाकू बरामद
गोण्डा,यूपी- कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में हुए बहुचर्चित हत्या प्रकरण का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मृतक के सगे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 31,500 रुपये नकद और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज अभिषेक दवाच्या के नेतृत्व में थाना कर्नलगंज पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
क्या था मामला
3 फरवरी 2026 की रात दुल्हिनपुरवा (मौजा नरायनपुर मांझा) निवासी शिवशंकर दुबे (30) की अज्ञात हमलावर द्वारा चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पांच नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान नामजद आरोपियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई तथा बयानों में भी विरोधाभास मिला। इसके बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक व मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की।
ऐसे हुआ खुलासा
जांच में मृतक के छोटे भाई अमरनाथ दुबे पुत्र देवीदयाल दुबे निवासी नरायनपुर मांझा का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे गांव के बाहर पक्की सड़क के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर भुलावन यादव के खेत की मेड़ से 31,500 रुपये (500-500 के नोट) बरामद किए गए, जिनमें कुछ नोटों पर खून के धब्बे पाए गए।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और परिवार से पर्याप्त आर्थिक सहयोग न मिलने से तनाव में था। उसे लगता था कि उसके बड़े भाई के पास परिवार की आय का नियंत्रण है और वह जानबूझकर पैसे नहीं दे रहा है। इसी रंजिश में उसने योजना बनाकर पहले चाकू खरीदा और घटना की रात खेत में पानी लगाने के बहाने भाई को घर से बाहर ले जाकर हमला कर दिया।
हत्या के बाद उसने मृतक की जेब से रुपये निकालकर खेत की मेड़ में छिपा दिए और शोर मचाकर खुद को बचाने की कोशिश की।
बरामदगी व कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आलाकत्ल चाकू व 31,500 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 67/26 धारा 103(1), 315 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।
इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली इस वारदात ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar