रिपोर्ट: अवनीश चंद्र तिवारी
•मामला विकास खंड हसेरन के अंतर्गत सकतपुर–सौरिख मार्ग स्थित ग्राम सादिकपुर स्थित पंप का है
•आकस्मिक छापेमारी से जनपद में मचा हड़कंप
कन्नौज
जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों के अवैध भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में प्राप्त पुष्ट सूचना के आधार पर विकास खंड हसेरन के अंतर्गत सकतपुर–सौरिख मार्ग स्थित ग्राम सादिकपुर में संचालित एक बायोडीजल पंप पर आकस्मिक छापेमारी की गई।
यह कार्रवाई क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कन्नौज, पूर्ति निरीक्षक तिर्वा एवं पूर्ति लिपिक तिर्वा की संयुक्त टीम द्वारा की गई। निरीक्षण के दौरान पंप पर मोहर सिंह पुत्र गेंदालाल, निवासी आदमपुर, ब्लॉक हसेरन उपस्थित मिले, जिन्होंने स्वयं को पंप का सेल्समैन बताया। टीम द्वारा पंप संचालन से संबंधित लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु उनके द्वारा कोई भी वैध लाइसेंस अथवा अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
जांच के दौरान पाया गया कि उक्त पंप पर बिना सक्षम प्राधिकारी से लाइसेंस प्राप्त किए अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री की जा रही थी। इस पर टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए भूमिगत टैंक में उपलब्ध डीजल एवं पेट्रोल के नमूने संग्रहित किए गए तथा पंप पर स्थापित दोनों नोज़ल एवं भूमिगत टैंक के आउटलेट पाइप को सील कर दिया गया। साथ ही मोहर सिंह को अगले आदेश तक किसी भी प्रकार के पेट्रोलियम पदार्थ की बिक्री न करने के निर्देश दिए गए।
पूछताछ के दौरान मोहर सिंह ने पंप स्वामी का नाम श्याम किशोर पुत्र दर्शन सिंह, निवासी सैफई, जनपद इटावा बताया। टीम द्वारा दूरभाष के माध्यम से श्याम किशोर से भी वार्ता की गई, जिसमें उनके द्वारा पंप से संबंधित कोई भी वैध प्राधिकार पत्र अथवा लाइसेंस उपलब्ध न होने की जानकारी दी गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया है कि प्रकरण में पेट्रोलियम पदार्थों के अवैध भंडारण एवं बिक्री की पुष्टि होने के दृष्टिगत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar