बांदा:
जनपद बांदा में दहेज के कारण शादी टूटने का मामला सामने आया है। अतर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर दहेज मांगने वाले लड़के पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पिता के अनुसार उनकी बेटी की शादी 11 मार्च को तय हुई थी और शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। घर में खुशी का माहौल था और बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान लड़के पक्ष के लोगों ने पहले से तय सामान के स्थान पर नगद रुपये की मांग रख दी।
लड़की के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार दान-दहेज और अन्य व्यवस्थाएं कर दी थीं, लेकिन लड़के पक्ष अतिरिक्त नगद देने का दबाव बनाने लगा। जब उन्होंने असमर्थता जताई तो बारात के दिन ही लड़के पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया।
इस घटना से शादी की सभी तैयारियां बेकार हो गईं और परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक आघात भी झेलना पड़ा। पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दहेज मांगने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार के साथ ऐसी घटना न हो।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar