गौवंशों को देखभाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी_डीएम
~सभी गौशालाओं का सघन निरीक्षण के दिए निर्देश
~गौशालाओं में हरे चारे, भूसे एवं पशु आहार की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें
कन्नौज
जनपद में संचालित गौशालाओं की व्यवस्थाओं के संबंध में प्रकाशित समाचार का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने त्वरित कार्यवाही के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंशों के संरक्षण, पोषण एवं समुचित देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं पशु चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, आई0टी0आई0, प्रधान सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद की सभी गौशालाओं का सघन निरीक्षण कर वस्तुस्थिति से अवगत कराएं तथा व्यवस्थाओं को तत्काल प्रभाव से सुदृढ़ करें। विशेष रूप से गौशालाओं में हरे चारे, भूसे एवं पशु आहार की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी गौवंश को भूखे रहने की स्थिति का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि बढ़ती गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए सभी गौशालाओं में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था, धूप से बचाव हेतु टीन शेड/आश्रय स्थल, नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए। जहां कहीं भी गंदगी, लापरवाही अथवा संसाधनों की कमी पाई जाए, वहां संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि गेहूं की फसल कटाई के साथ ही भूसे का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करते हुए जनपद में “भूसा बैंक” स्थापित किए जाएंगे, जिससे गौशालाओं में चारे की निरंतर उपलब्धता बनी रहे। साथ ही, निराश्रित गौवंशों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने हेतु विशेष अभियान भी शीघ्र चलाया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से गौशालाओं का निरीक्षण कर पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जनपद प्रशासन गौवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक गौशाला में मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar