गोण्डा।
जनपद में डिजिटल पुलिसिंग के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना वजीरगंज पुलिस ने “यक्ष ऐप” की मदद से एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 15 गैस सिलेंडर, एक मोटरसाइकिल, कुकर और दो टिल्लू पम्प बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय एवं क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 मार्च 2026 को वादी संतोष कुमार सिंह ने थाना वजीरगंज में तहरीर देकर बताया कि क्षेत्र के कई परिषदीय विद्यालयों के किचन का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, बर्तन, मोटर और राशन चोरी कर लिया गया है। इस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पारंपरिक तरीकों के साथ “यक्ष ऐप” का उपयोग करते हुए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध की पहचान श्यामू मौर्या निवासी थाना उमरी बेगमगंज के रूप में हुई, जो पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने स्कूलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर 15 गैस सिलेंडर, एक मोटरसाइकिल, प्रेशर कुकर और दो टिल्लू पम्प बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रात में सुनसान स्कूलों को निशाना बनाकर ताले तोड़ता था और चोरी का सामान मोटरसाइकिल से ले जाकर छिपा देता था। बाद में वह इन्हें कबाड़ी या फेरीवालों को बेच देता था और पैसों को अपने खर्च व नशे में उड़ा देता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना वजीरगंज व सर्विलांस सेल के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “यक्ष ऐप” जैसी आधुनिक तकनीक के उपयोग से अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो रहा है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar