श्रावस्ती। तहसील जमुनहा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में जनसुनवाई की गई। इस दौरान अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के सख्त निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई करने को कहा। साथ ही अवैध अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
समाधान दिवस के दौरान तहसील जमुनहा में कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तहसील भिनगा में 11 में से 3 और तहसील इकौना में 15 में से 3 मामलों का तत्काल समाधान किया गया। शेष शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: के के गुप्ता, जिला संवाददाता, श्रावस्ती
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar