वाराणसी- Shivala Ghat पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गंगा स्नान कर रहे लगभग 15 दक्षिण भारतीय श्रद्धालु अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों और नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्रद्धालु स्नान के दौरान गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय नाविकों ने तुरंत नदी में कूदकर एक-एक कर सभी को बाहर निकाला।
घटना के बाद वाराणसी पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद किसी भी श्रद्धालु के पास लाइफ जैकेट नहीं थी, जो कि वीडियो में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी अन्य स्थानों पर इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने उनसे कोई ठोस सबक नहीं लिया। गंगा घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने से श्रद्धालुओं की जान जोखिम में बनी रहती है।
फिलहाल सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत को उजागर कर दिया है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar