* एक्सप्रेसवे से क्षेत्र के विकास और भूमि मूल्यों में होगी वृद्धि
* सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा एवं परिसंपत्तियों का अलग भुगतान- जिलाधिकारी
रिपोर्ट – अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज
प्रस्तावित फर्रुखाबाद लिंक प्रवेश-नियंत्रित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित की जाने वाली भूमि के संबंध में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने तहसील छिबरामऊ के ग्राम डडौना में मौके पर पहुंचकर प्रभावित किसानों,भू-स्वामियों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना जनपद कन्नौज सहित आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास, सुगम एवं तीव्र यातायात, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि तथा भूमि मूल्यों में स्वाभाविक बढ़ोतरी का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि जहां से सड़क गुजरती है, वहां की भूमि का मूल्य बढ़ जाता है, जिससे स्थानीय निवासियों को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत जनपद क्षेत्र में निजी भूमि का क्षेत्रफल 22.7803 हेक्टेयर, सरकारी/ग्राम सभा भूमि का क्षेत्रफल 2.7910 हेक्टेयर तथा कुल चिन्हित भूमि का क्षेत्रफल 25.5713 हेक्टेयर है। इस प्रक्रिया में कुल 330 भू-स्वामी हैं तथा वर्तमान में सहमति की प्रक्रिया प्रचलित है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार भूमि के सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा भू-स्वामियों को प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बोरिंग, भवन, पेड़, फसल आदि परिसंपत्तियों का मुआवजा भी निर्धारित मानकों के अनुसार पृथक से दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार किसानों के वैधानिक अधिकारों की पूर्ण सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी भू-स्वामी को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

किसानों ने भी सकारात्मक संवाद करते हुए कहा कि वे अपने परिवारजनों से विचार-विमर्श कर आगे की प्रक्रिया में सहभागिता करेंगे।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी छिबरामऊ ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar