बाराबंकी,यूपी:
जनपद बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र के सिधियावा गांव में बीती रात कथित तौर पर हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अरुण यादव ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोर घर में घुस आए और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात व नकदी पार कर दी। सुबह जब परिवार की आंख खुली तो सामान बिखरा मिला और अलमारी खुली पाई गई।
पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब साढ़े आठ हजार रुपये नकद और लगभग साढ़े बारह लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
वहीं, सुबेहा थाना प्रभारी बेचूं सिंह ने घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी का न होकर पारिवारिक प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar