करनैलगंज,गोण्डा:-
तहसील करनैलगंज परिसर में बुधवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन किया। यह धरना श्याम धर शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के बाद शुरू किया गया।
बैठक में अधिवक्ताओं ने रीडर उपजिलाधिकारी करनैलगंज के स्थानांतरण को लेकर पूर्व में पारित प्रस्ताव पर अब तक कोई कार्रवाई न होने पर नाराज़गी जताई। वक्ताओं का कहना था कि स्थानांतरण का प्रस्ताव काफी समय पहले प्रशासन को भेजा गया था, लेकिन इस दिशा में अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
अधिवक्ताओं ने तहसीलदार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वे अक्सर अनुपस्थित रहते हैं, जिससे वादकारियों और अधिवक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि तहसील में मामलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से नहीं हो पा रहा है, जिससे आम जनता को न्याय मिलने में देरी हो रही है।
धरने के दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रीडर उपजिलाधिकारी के स्थानांतरण पर शीघ्र कार्रवाई तथा तहसीलदार की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar