Breaking News
Home / BREAKING NEWS / बरसाना में लड्डूमार होली 2026 | राधारानी मंदिर में लड्डुओं की बारिश

बरसाना में लड्डूमार होली 2026 | राधारानी मंदिर में लड्डुओं की बारिश


बरसाना (मथुरा)। ब्रज की होली अपने पूरे शबाब पर है। मंगलवार को बरसाना में स्थित राधारानी मंदिर में पारंपरिक लड्डूमार होली हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। मंदिर की छत पर बनी सफेद छतरी से महंतों ने श्रद्धालुओं पर लड्डुओं की वर्षा की। भक्तों ने लड्डू लूटकर प्रसाद के रूप में ग्रहण किए और पूरे परिसर में “राधे-राधे” के जयकारे गूंज उठे।

होली गीतों की मधुर धुनों के बीच अबीर-गुलाल उड़ाया गया, जिससे मंदिर परिसर रंगों से सराबोर हो गया। महिलाओं और बच्चों ने जमकर नृत्य किया। लड्डूमार होली के अद्भुत नजारे को देखने और इसमें शामिल होने के लिए करीब 10 लाख श्रद्धालु बरसाना पहुंचे, जिनमें विदेशी पर्यटक भी शामिल रहे।

इससे पहले दोपहर में बरसाना की सखियां दुल्हन की तरह सज-धजकर नंदबाबा मंदिर पहुंचीं। उनके सिर पर अबीर की मटकी और लड्डू रखे थे। मंदिर परिसर में सखियों ने फाग गीत गाए और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद लड्डू लुटाकर नंदबाबा मंदिर में होली खेलने का निमंत्रण दिया गया।

लड्डूमार होली को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। बरसाना, वृंदावन, मथुरा, गोवर्धन और नंदगांव में करीब 100 क्विंटल लड्डू तैयार किए गए। शगुन के लड्डू लाडलीजी मंदिर की रसोई में बनाए गए। प्राकृतिक रंगों के लिए टेसू के फूलों का उपयोग किया गया। इसके लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से करीब 1 हजार क्विंटल फूल मंगवाए गए थे।

बरसाना की लड्डूमार होली ने एक बार फिर ब्रज की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और उल्लास की भव्य छटा दुनिया के सामने प्रस्तुत की। अब यह उत्सव आगे वृंदावन और नंदगांव में भी जारी रहेगा।

About One India 24 Live

Check Also

लखनऊ में टोल घोटाले का बड़ा खुलासा, 900 ट्रकों के नंबर फर्जी

🔊 पोस्ट को सुनें लखनऊ में टोल घोटाले का बड़ा खुलासा, 900 ट्रकों के नंबर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *