राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था और देश में दहशत फैलाने की साजिश रच रहा था।
एटीएस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सदस्य साकिब उर्फ डेविड के साथ अरबाब, विकास गहलावत और लोकेश उर्फ पपला शामिल हैं। यह गिरोह प्रतिष्ठित संस्थानों, वाहनों और रेलवे सिग्नल बॉक्स में आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देकर भय का माहौल बना रहा था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क विदेशी नंबरों, खासकर पाकिस्तान और अफगानिस्तान से जुड़े संपर्कों के माध्यम से संचालित हो रहा था। आरोप है कि छोटी-छोटी आगजनी की घटनाओं के वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजे जाते थे, जिसके बाद क्यूआर कोड के जरिए फंडिंग प्राप्त की जाती थी।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे Telegram और Instagram के माध्यम से कट्टरपंथी समूहों से जुड़े थे और धर्म के आधार पर लोगों में डर फैलाने की कोशिश कर रहे थे।
सभी चारों आरोपियों को एनआईए/एटीएस की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से यूपी एटीएस को पांच दिनों की रिमांड मिल गई है। एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क और इसके विदेशी कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही हैं।
यह मामला देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर माना जा रहा है, और सुरक्षा एजेंसियां इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar