प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की नारी शक्ति की उपलब्धियां गर्व का स्रोत हैं। मोदी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण उनकी सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं पहलों का मूल आधार है और सरकार ऐसे अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है जिनसे प्रत्येक महिला अपनी पूरी क्षमता का एहसास कर सके और भारत के विकास की यात्रा में योगदान दे सके।

उन्होंने एक संदेश में कहा, ”अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं हमारी समूची नारी शक्ति को शुभकामनाएं देता हूं। हर क्षेत्र में महिलाएं संकल्प, रचनात्मकता और बेजोड़ उत्साह के साथ भारत की प्रगति को आकार दे रही हैं। उनकी उपलब्धियां हमारे राष्ट्र को प्रेरित करती हैं और विकसित भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प को मजबूत करती हैं।”

मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे भारत आगे बढ़ेगा, महिलाओं की आकांक्षाएं और उनका योगदान एक मजबूत एवं समृद्ध राष्ट्र की दिशा में देश की सामूहिक यात्रा का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा, ”भारत की नारी शक्ति की उपलब्धियां गर्व का स्रोत हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी परिवर्तनकारी भूमिका की सशक्त तरीके से याद दिलाती हैं।”
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar