14 से 16 मार्च तक होगा ‘इत्रोत्सव’, तैयारियों को लेकर डीएम ने ली बैठक
कन्नौज। कन्नौज की ऐतिहासिक सुगंधित विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 14 से 16 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले “इत्रोत्सव” की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यक्रम को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि इत्र कन्नौज की पहचान है और सदियों से यहां के इत्र की खुशबू देश-विदेश में प्रसिद्ध रही है। इत्रोत्सव का आयोजन कन्नौज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक इत्र उद्योग और स्थानीय कारीगरों की कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से कन्नौज की ऐतिहासिक पहचान और पारंपरिक इत्र उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित इत्र उद्यमी प्रवीण टंडन ने सुझाव दिया कि कन्नौज के इत्र का व्यापक प्रचार-प्रसार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जाए, ताकि पारंपरिक इत्र उद्योग को नई पहचान और बाजार मिल सके। उन्होंने कहा कि इत्रोत्सव इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि इत्र उद्यमी अपने-अपने उत्पादों के स्टॉल लगाएं और आपसी समन्वय से इत्र ‘भभका’ की संरचना का सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाए, जिससे आगंतुक आकर्षित हों। साथ ही कन्नौज की विशिष्टता और गौरव पर एक स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उत्सव में कानपुर, लखनऊ सहित अन्य जनपदों के प्रसिद्ध खाद्य व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल भी लगाए जाएं, ताकि आगंतुकों को विभिन्न स्वादों का अनुभव मिल सके। इसके साथ ही कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट वैशाली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. एम. मकबूल, सीएम टूरिज्म फेलो नमन दुआ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
— कन्नौज से अवनीश चंद्र तिवारी
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar