सड़क हादसे में युवक की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ गंभीर घायल
इकौना/श्रावस्ती।
नेशनल हाईवे 730 पर मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा इकौना-बहराइच मार्ग पर मलावा गांव के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
जानकारी के अनुसार थाना इकौना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर बनकट डिहवा निवासी जटाशंकर गोस्वामी (35) पुत्र श्रवण कुमार किसी काम से बाइक से गिलौला गए थे। मंगलवार को वापस अपने गांव लौटते समय जैसे ही वह मलावा गांव के पास हाईवे पर पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि जटाशंकर गोस्वामी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद वह कुछ देर तक सड़क पर तड़पते रहे। आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar