श्रावस्ती- जिले के इकौना क्षेत्र में शनिवार शाम तेज रफ्तार पिकअप और कार की आमने-सामने टक्कर में गाजियाबाद निवासी दंपति समेत पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर बहराइच रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार जनपद गाजियाबाद के लोनी निवासी कवि विनयशील चतुर्वेदी (64) पुत्र चंद्रभूषण चौबे अपनी पत्नी कुमुदलता चौबे (62) के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बहराइच आए थे। शनिवार को दोनों अपने मित्र के बच्चों के साथ श्रावस्ती के बौद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर वापस बहराइच लौट रहे थे।
इसी दौरान इकौना क्षेत्र में कटरा खरगौरा बस्ती पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी टाटा टियागो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार और पिकअप में सवार कुल पांच लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विनयशील चतुर्वेदी, उनकी पत्नी कुमुदलता चौबे और उनके साथ मौजूद एक 10 वर्षीय बच्चे को सीने में गंभीर चोट होने के कारण बहराइच ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं पिकअप चालक आशीष पांडे (24) पुत्र नंदकिशोर और इंद्रसेन (40) पुत्र रामफल को सिर व पैर में हल्की चोटें आईं। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
घायल विनयशील चतुर्वेदी ने बताया कि वे भगवान गौतम बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती के दर्शन कर लखनऊ लौट रहे थे। हादसे में उनकी टियागो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पिकअप चालक ने बताया कि वह गोंडा से कस्तूरबा विद्यालय इकौना में कोटा पत्थर उतारकर वापस गोंडा लौट रहा था।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar