“अटल वयो अभ्युदय योजना”
का 9 दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ समापन
~सीखने की कोई आयु सीमा नहीं होती_अर्चना पाण्डेय
अवनीश चंद्र तिवारी कन्नौज
कन्नौज
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी “अटल वयो अभ्युदय योजना” के अंतर्गत जनपद कन्नौज में वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की जा रही है। इसी क्रम में आदर्श जन कल्याण एवं शिक्षा समिति के तत्वावधान में वृद्धाश्रम, कन्नौज में 16 मार्च से 24 मार्च 2026 तक आयोजित 9 दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का समापन आज सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक छिबरामऊ श्रीमती अर्चना पाण्डेय द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सीखने की कोई आयु सीमा नहीं होती और ऐसे कार्यक्रम वृद्धजनों को न केवल सक्रिय बनाए रखते हैं, बल्कि उन्हें नई दिशा भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धजनों को विभिन्न प्रकार के कौशल विकास, उत्पाद निर्माण, स्वास्थ्य जागरूकता, मानसिक सशक्तिकरण एवं सामाजिक सहभागिता से संबंधित गतिविधियों से जोड़ा गया, जिससे वे आर्थिक रूप से सुदृढ़ होने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भी बन सकें।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं उनके सर्वांगीण विकास हेतु समय-समय पर विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें धार्मिक स्थलों का भ्रमण एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम भी शामिल हैं।
इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि विवेक पाठक, उपनिदेशक समाज कल्याण निवास दुबे, जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन जीने हेतु प्रेरित करना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar