कन्नौज
रिपोर्ट – अवनीश चंद्र तिवारी
उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कन्नौज जिला मुख्यालय स्थित रोमा स्मारक में आयोजित ‘अपनी जड़ों को खोजें’ सांस्कृतिक कार्यक्रम उस समय विवादों में आ गया, जब मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाज कल्याण मंत्री/सदर विधायक असीम अरुण को अधिकारियों का लंबा इंतजार करना पड़ा।
निर्धारित समय से करीब 15 मिनट पहले ही मंत्री असीम अरुण अपनी पत्नी के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे, लेकिन कार्यक्रम में शामिल होने वाले जिले के शीर्ष अधिकारी—जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक—मौजूद नहीं थे। करीब 45 मिनट तक इंतजार के बाद भी जब कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा, तो मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही स्थल छोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि मंत्री के जाने के लगभग 10 मिनट बाद जिलाधिकारी और एसपी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें मंत्री की नाराजगी की जानकारी हुई। बाद में अधिकारियों ने मंत्री के करीबी के माध्यम से नाराजगी दूर करने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बन सकी।
घटना के बाद कार्यक्रम बिना मंत्री और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ही शुरू कराया गया, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
सूत्रों के अनुसार, मंत्री असीम अरुण ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को नाराजगी भरा पत्र भी लिखा है। यह घटना प्रशासनिक समन्वय पर सवाल खड़े कर रही है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar