मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों का हंगामा, आरोपी के समर्थन में 2 घंटे बंद रहे गेट
बाँदा से इकबाल खान की रिपोर्ट:
बाँदा मेडिकल कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया जब 5 वर्षीय बच्ची के इलाज में लापरवाही के आरोप में डॉक्टर विनीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद डॉक्टरों और स्टाफ ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोपी डॉक्टर के समर्थन में मेडिकल कॉलेज के सभी गेट करीब 2 घंटे तक बंद कर दिए गए, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान कई मरीज बिना इलाज कराए वापस लौट गए, जबकि अस्पताल के अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। स्थिति तब और बिगड़ गई जब बर्खास्त किए गए डॉक्टर के समर्थन में कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
मामला उस वक्त गरमाया जब मेडिकल प्रशासन ने एफआईआर के बाद डॉक्टर विनीत सिंह को बर्खास्त कर दिया। इसके विरोध में डॉक्टरों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर काम बंद कर दिया और गेट बंद कर प्रदर्शन किया।
हालांकि, बाद में मेडिकल कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपल के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और गेट दोबारा खोल दिए गए। आरोपी डॉक्टर विनीत सिंह ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि बिना उनका पक्ष सुने कार्रवाई की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
फिलहाल, इस घटना ने मेडिकल व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar