कन्नौज से अवनीश चंद्र तिवारी की रिपोर्ट:
कन्नौज में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने विकास खंड उमर्दा के बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति बलनपुर और मंडी समिति तिर्वा स्थित गेहूं खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आने पर डीएम ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की।
जांच में पाया गया कि समिति परिसर में डिस्प्ले बोर्ड पर खाद्यान्न दरें और गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य अंकित नहीं था। इसके अलावा आवश्यक अभिलेख रजिस्टर सही ढंग से संधारित नहीं थे और वारदाना (बोरी) की प्रविष्टियां पोर्टल पर अपडेट नहीं की गई थीं। इस पर डीएम ने तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान 105 बोरी की बिक्री दर्ज मिली, जबकि मौके पर 245 बोरी यूरिया उपलब्ध पाई गई। जिलाधिकारी ने उर्वरक वितरण की सही प्रविष्टियां पोर्टल पर दर्ज करने और स्टॉक रजिस्टर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
वहीं, 3 किसानों से 176.50 कुंतल गेहूं की खरीद के बावजूद भुगतान लंबित मिलने पर डीएम ने नाराज़गी जताते हुए तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के आदेश दिए। किसान सुनील कुमार ने भी शिकायत की कि गेहूं मौजूद होने के बावजूद उसकी खरीद नहीं की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसान हित सर्वोपरि है और गेहूं खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य समय पर पूरे हों, अभिलेख व्यवस्थित रहें और सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी व जवाबदेह तरीके से संचालित की जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar