स्थान: जालौन, यूपी
जालौन। सिरसा कलार कस्बे में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी अमित पाल के भाई सुमित की बारात सोमवार को कदौरा गई थी, जो मंगलवार को वापस लौटी थी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे अमित पाल का 6 साल का पुत्र गोपाल घर के सामने सड़क पार कर कोल्ड ड्रिंक लेने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद परिजन घायल गोपाल को इलाज के लिए मदीरापुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत से मां बेबी, बड़े भाई कार्तिक और कृष्णा का रो-रोकर बुरा हाल है। गोपाल ज्ञानदेवी विद्या मंदिर, सुशील नगर में पढ़ाई करता था और परिवार किराए के मकान में रह रहा था।
इस मामले में सिरसा कलार थाना प्रभारी निरीक्षक परमेंद्र सिंह ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar