* वाणिज्य कर विभाग की मात्र 59.48 प्रतिशत वसूली पर,वाणिज्य कर अधिकारी की लगाई फटकार।
* उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय राजस्व अधिकारियों को लंबित वादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
* दैवीय आपदा व ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के संबंध में एसडीएम को निर्देश दिए अति शीघ्र सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
रिपोर्ट – अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में डीएम द्वारा मार्च 2026 तक की राजस्व वसूली की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों तथा शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने हेतु की गई कार्यवाही की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग की मात्र 59.48 प्रतिशत वसूली पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रगति में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय राजस्व अधिकारियों को लंबित वादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से समयबद्ध वादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर बल दिया तथा आयोगों से प्राप्त संदर्भों का शीघ्र एवं प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी प्रकरण लंबित न रहे।
दैवीय आपदा के अंतर्गत जनपद में ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जहां-जहां सर्वे कार्य शेष है, वहां तत्काल सर्वे पूर्ण कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्य सीधे जनता से जुड़ा है, अतः इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने मृतकों की विरासत से संबंधित प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पत्रावलियों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न होने देने हेतु सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी विजय कुमार मिश्रा सहित समस्त उपजिलाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar