कर्नलगंज,गोण्डा- उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही अभी करीब 9 महीने दूर हों, लेकिन कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पूर्व विधायक लल्ला भैया के पुत्र कुंवर शारदेन मोहन सिंह ने भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर अपनी सियासी ताकत का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि कुंवर शारदेन मोहन सिंह ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र में भगवान परशुराम की भव्य मूर्ति स्थापित कराने का ऐलान किया, जिससे क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।

अपने संबोधन में शारदेन मोहन सिंह ने 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने का खुला ऐलान करते हुए कहा कि यदि पार्टी से टिकट मिलता है तो उसी से चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा निर्दलीय मैदान में उतरेंगे। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद द्वारा कराए गए कार्यों को छोड़ दिया जाए तो क्षेत्र में कोई खास विकास नहीं हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नलगंज क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में अपराध बढ़ा है और गरीबों को नाजायज तरीके से परेशान किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने अपने पिता लल्ला भैया के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने निर्दलीय विधायक के रूप में राजनीति की शुरुआत की थी और हमेशा क्षेत्रवासियों के सम्मान को प्राथमिकता दी।

कार्यक्रम का आयोजन हरिगवा के प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र कुमार उर्फ बबलू त्रिवेदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेता विनोद शुक्ला, संजय सिंह (प्रधान मलौली), पूर्व प्रधान पराग दुबे, मनोज मिश्रा (एडवोकेट), अरविंद शुक्ला (एडवोकेट), सौरभ सिंह, हृदय नारायण मिश्रा, भोलू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, पूर्व बीडीसी सदस्य और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: शिव शंकर “शिवा गुप्ता”
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar