श्रावस्ती- Uttar Pradesh Police द्वारा “मिशन शक्ति–5 (द्वितीय चरण)” के तहत जनजागरूकता की एक नई मिसाल पेश की गई। पुलिस अधीक्षक Rahul Bhati के निर्देशन में एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम के मार्गदर्शन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में “बहू-बेटी सम्मेलन” का व्यापक आयोजन किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत जनपद के 9 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 1000 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया। इन सम्मेलनों का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, संवैधानिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
जनपद के कोतवाली भिनगा, मल्हीपुर, सोनवा, हरदत्तनगर गिरंट, गिलौला, इकौना, सिरसिया, नवीन मॉडर्न थाना एवं महिला थाना क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों में आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, गृहिणियां, विधवा एवं तलाकशुदा महिलाएं तथा किशोरियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा, घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न और आपात स्थितियों से बचाव के बारे में जागरूक करते हुए वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सेवा 112, एम्बुलेंस 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई।
इसके अलावा CCTNS/UPCOP ऐप, साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्रों की सेवाओं से अवगत कराते हुए पंपलेट वितरित किए गए। किशोरियों को बाल विवाह, दहेज प्रथा, गुड टच–बैड टच और साइबर अपराध जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीमों और महिला बीट अधिकारियों ने महिलाओं को आत्मरक्षा के सरल उपाय सिखाए और उन्हें निर्भीक होकर अपनी बात रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
श्रावस्ती पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश निरंतर पहुंचाया जा रहा है।
रिपोर्ट: के. के. गुप्ता, जिला संवाददाता, श्रावस्ती
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar