रिपोर्ट: अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज, संवाददाता। जनपद कन्नौज में राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। नगरकोट मंदिर के पास स्थित एक कॉलोनी के निकट कुछ लोग मोर को पकड़कर ले जा रहे थे, तभी स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ गई।
भीड़ ने तत्काल आरोपियों को घेर लिया, जिससे घबराकर आरोपी मोर को वहीं छोड़कर भाग निकले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
इस मामले को लेकर अब पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है।
उधर, योगी सेना के प्रमुख पवन पांडेय ने घटना का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि उस समय जनता आरोपियों को न पकड़ती, तो मोर की जान भी जा सकती थी। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि इससे पहले भी ऐसे लोग कई पक्षियों का शिकार कर चुके हो सकते हैं।
घटना के बाद योगी सेना के कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है और प्रशासन से त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar