* अपूर्ण ‘अन्नपूर्णा मॉडल शॉप’ के निर्माण कार्य को अप्रैल माह में हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
* गौवंशों के लिए छाया,पानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रूप से सुनिश्चित की जाएं।
* लापरवाही बरती गई तो होगी कड़ी कार्यवाही_डीएम
रिपोर्ट/अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।
जिलाधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में शौचालय निर्माण हेतु निर्धारित 7373 के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास खण्डवार लक्ष्य आवंटित कर पात्र लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनसुनवाई एवं तहसील दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर ब्लॉक स्तर पर शौचालय एवं आवास का पात्रता रजिस्टर तैयार कर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में लंबित एवं अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर एक माह के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत अपूर्ण ‘अन्नपूर्णा मॉडल शॉप’ के निर्माण कार्य को अप्रैल माह में हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गौशालाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के दृष्टिगत गौवंशों के लिए छाया, पानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रूप से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सभी गौआश्रय स्थलों पर तैनात केयरटेकरों की सूची एवं संबंधित विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त फैमिली आईडी एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाते हुए उन्होंने कहा कि इस सप्ताह कार्यों में स्पष्ट प्रगति परिलक्षित होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, प्रभागीय वन अधिकारी हेमंत सेठ, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar