गोण्डा में स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले भर में स्कूल वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
अभियान की निगरानी के लिए UP Integrated School Vehicle Monitoring Portal तैयार किया गया है, जिस पर सभी स्कूलों को ऑनबोर्ड किया जा रहा है और उनके वाहनों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। इसी क्रम में आज एम आर जयपुरिया स्कूल और एआईएमएस स्कूल का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्कूली वाहनों में अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। इनमें सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स, इमरजेंसी एग्जिट, स्कूल का नाम, परिवहन विभाग का हेल्पलाइन नंबर और रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप शामिल हैं। जिन वाहनों में कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग और बच्चों को सुरक्षित लाने-ले जाने के लिए जागरूक किया गया। निरीक्षण के दौरान विक्रांत वर्मा ने पोर्टल पर वाहनों को ऑनबोर्ड कराने और निरीक्षण में सहयोग किया।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल वाहन संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को जल्द से जल्द पोर्टल पर पंजीकृत कराएं और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar