कन्नौज- जनपद के प्राथमिक विद्यालय खाड़ेदेवर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने स्कूल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोप है कि प्रधानमंत्री पोषण मध्यान भोजन योजना के तहत बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। निर्धारित मेन्यू—दाल, रोटी, सब्जी, दूध और फल—की जगह पिछले एक महीने से बच्चों को केवल चावल और तहरी ही परोसी जा रही है। वायरल वीडियो में भी यही स्थिति साफ तौर पर देखी जा सकती है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि यह बच्चों के पोषण के साथ सीधा खिलवाड़ है। वहीं, कुछ शिक्षकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह स्थिति प्रिंसिपल की मनमानी का परिणाम है। इसके अलावा, बच्चों से नंगे पैर काम कराने, भारी वजन उठवाने, शिक्षकों के देर से आने और कई बार स्कूल गेट पर ताला लटका रहने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल की मरम्मत और रंगाई-पुताई के लिए आने वाली सरकारी धनराशि का सही उपयोग नहीं हो रहा है। पिछले पांच वर्षों से लाखों रुपये खर्च दिखाए जाने के बावजूद स्कूल की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
प्रधान प्रतिनिधि ने इस पूरे मामले को उठाते हुए सूचना का अधिकार (RTI) के तहत जानकारी मांगी है और सच्चाई उजागर करने की बात कही है।
वायरल वीडियो और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट: अवनीश चंद्र तिवारी
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar