लोकेशन: मिर्ज़ापुर, यूपी
उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में कई लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है। ट्रक, ट्रेलर और दो कारों की भिड़ंत के बाद वाहनों में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
मामला मिर्ज़ापुर जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र स्थित घाटी का है, जहां बुधवार रात करीब 8 बजे बड़ा हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश की ओर चना लादकर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बोलेरो और स्विफ्ट डिजायर कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रेलर से जा भिड़ीं।
हादसे के तुरंत बाद बोलेरो और स्विफ्ट डिजायर में आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन आग का गोला बन गए। बोलेरो पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे उसमें सवार लोगों की संख्या का सही अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है। आशंका है कि बोलेरो में करीब 8 लोग सवार थे और किसी के बचने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।
वहीं हादसे में ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि खलासी को केबिन से निकालने के प्रयास देर रात तक जारी रहे।
घटना के बाद वाराणसी-रीवा हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर बिखरी चने की बोरियां और जले हुए वाहन हादसे की भयावहता बयां कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रात का अंधेरा और फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने के कारण राहत और बचाव कार्य में भी काफी दिक्कतें आईं। फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर स्थिति को संभालने में जुटे हुए हैं।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar