गाजियाबाद: गाजियाबाद पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में करीब 13 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति को सीज कर दिया है। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के निर्देश पर क्राइम ब्रांच, स्वॉट टीम और नंदग्राम थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में सहारनपुर निवासी विभोर राणा और विशाल सिंह भी शामिल हैं।
ट्रकों से बरामद हुआ भारी मात्रा में कफ सिरप
पुलिस जांच में चार ट्रकों से चूने के बोरों के बीच छिपाकर रखी गई 1150 पेटियों में करीब 15 लाख 73 हजार से अधिक Eskuf और Phensedyl कफ सिरप की शीशियां बरामद की गईं। इनकी बाजार कीमत करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
नकदी, कार और दस्तावेज भी जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक Hyundai Creta कार, करीब 20 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई अहम दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
फर्जी कंपनियों के जरिए चल रहा था कारोबार
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर कफ सिरप की तस्करी कर रहे थे और इसी अवैध कारोबार से करोड़ों की संपत्ति बना ली थी। पुलिस ने NDPS Act के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 12 करोड़ 55 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरोह के नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए जांच जारी है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar