चेन स्नेचिंग और लूट की वारदातों में वांछित अपराधी को लीलापुर पुलिस ने दबोचा, मुठभेड़ में लगी गोली
ब्यूरो रिपोर्ट: डा. आर. आर. पाण्डेय, प्रतापगढ़
प्रतापगढ़। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लीलापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले 25 हजार रुपये के इनामी शातिर बदमाश विपिन सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया कि पुलिस टीम जब संदिग्ध बदमाश की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विपिन सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
गौरतलब है कि आरोपी ने विगत दिनों पूरनपुर खजूर स्थित प्राथमिक विद्यालय में घुसकर एक शिक्षिका से चैन छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद से पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
तेजतर्रार लीलापुर थाना प्रभारी बैकुण्ठ नाथ पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने राहत की सांस ली है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar