रिपोर्ट अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज।
समाज कल्याण मंत्री के कथित अपमान से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने कन्नौज शहर के मकरंदनगर तिराहे पर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामला शहर स्थित रोमा स्मारक में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में अपनी पत्नी के साथ पहुंचे थे। आरोप है कि मंत्री के पहुंचने के बावजूद करीब 45 मिनट तक जिला प्रशासन के अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे, जिससे नाराजगी बढ़ गई।
बताया गया कि कार्यक्रम “अपनी जड़ों को खोजें” के तहत आयोजित था, जिसमें मंत्री समय पर पहुंच गए थे, लेकिन अधिकारियों की देरी से कार्यक्रम शुरू नहीं हो सका। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अव्यवस्था और समय की अनदेखी पर आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने पत्र में समय की पाबंदी और अनुशासन को प्रशासन की बुनियाद बताते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति न होने की अपेक्षा जताई।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता निहाल वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मकरंदनगर तिराहे पर पहुंच गए और सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने डीएम से माफी और संबंधित एसडीएम को तत्काल हटाने की मांग की। कई प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर और लेटकर नारेबाजी करते रहे।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय और कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में मंत्री असीम अरुण स्वयं मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar