Breaking News
Home / BREAKING NEWS / बरसाना में धूमधाम से संपन्न हुई विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली,उमड़ा आस्था का सैलाब, 20 लाख श्रद्धालुओं ने देखी लट्ठमार होली

बरसाना में धूमधाम से संपन्न हुई विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली,उमड़ा आस्था का सैलाब, 20 लाख श्रद्धालुओं ने देखी लट्ठमार होली


स्लग : बरसाना लट्ठमार होली 2026
स्थान : मथुरा, यूपी

मथुरा। ब्रज की पावन धरती पर स्थित बरसाना में विश्व प्रसिद्ध बरसाना लट्ठमार होली का भव्य आयोजन पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। राधारानी की नगरी रंग, उमंग और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक और रोमांचक उत्सव के साक्षी बनने यहां पहुंचे।

सुबह से ही बरसाना की रंगीली गलियां श्रद्धालुओं से खचाखच भरी रहीं। हर ओर अबीर-गुलाल उड़ता दिखाई दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ब्रज के पारंपरिक रसिया गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

इस वर्ष करीब 20 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया, जिनमें बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी शामिल रहे। लट्ठमार होली से पहले पीली पोखर पर नंदगांव से आए हुरियारों का पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके बाद हुरियारे भगवान श्रीकृष्ण की ध्वजा लेकर श्रीजी मंदिर पहुंचे, जहां से मुख्य आयोजन की शुरुआत हुई।

करीब तीन किलोमीटर लंबी गलियों में दोनों ओर खड़ी हुरियारनें लाठियां लेकर तैयार रहीं। जैसे ही नंदगांव के हुरियारे गलियों में पहुंचे, हुरियारनों ने परंपरा के अनुसार प्रेम और उत्साह के साथ लाठियां बरसानी शुरू कर दीं। हुरियारे ढाल से खुद को बचाते हुए आगे बढ़ते नजर आए। पूरा माहौल रोमांच, हास्य और आस्था से भर गया।

इससे एक दिन पूर्व राधारानी मंदिर में लड्डूमार होली खेली गई थी, जिसमें श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर लड्डू बरसाकर उत्सव की शुरुआत की।

बरसाना में जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। लोक कलाकारों ने भजन, रसिया और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए। करीब 4500 से अधिक पुलिसकर्मी, पीएसी और एंटी रोमियो टीम तैनात रही। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा शिविर, पेयजल और ट्रैफिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, जिससे यह ऐतिहासिक पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सका।

About One India 24 Live

Check Also

दिल्ली में मुफ्त सरकारी दवाओं की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

🔊 पोस्ट को सुनें दिल्ली में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सरकारी अस्पतालों में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *