(के.के. गुप्ता, वरिष्ठ संवाददाता):
श्रावस्ती,-
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद श्रावस्ती में महिला कल्याण विभाग एवं Association for Voluntary Action के तत्वावधान में पुलिस लाइन भिनगा स्थित लव-कुश सभागार में “100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के समापन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राम फेरन पांडेय, जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव तथा क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक राम फेरन पांडेय ने प्रेरणादायी संबोधन देते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने योगी आदित्यनाथ के सजीव प्रसारण को भी सुना। जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों व प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बाल विवाह उन्मूलन के लिए जागरूक रहने तथा किसी भी बाल विवाह को न होने देने की सामूहिक शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 35 महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिले की 7 ग्राम पंचायतों को “बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत” घोषित करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुलिस्ता सामुदायिक विकास समिति द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जबकि बच्चों ने स्वागत गीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया। वहीं Dehat India संस्था की ओर से बाल विवाह उन्मूलन पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में Association for Voluntary Action के स्टेट कोऑर्डिनेटर अमरिंदर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सरिता मिश्रा (DMC) और अभिषेक (DPA) ने किया। अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस कर्मी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar