ऑपरेशन के दौरान नवजात की मौत, दो दिन बाद प्रसूता ने भी तोड़ा दम; अस्पताल बंद कर स्टाफ फरार
प्रतापगढ़। जिले में फर्जी क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे सेंटर, अवैध नर्सिंग होम और पैथोलॉजी केंद्रों का मकड़जाल तेजी से फैलता जा रहा है, जो अब लोगों की जिंदगी के लिए खतरा बनता जा रहा है। ताजा मामला कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित वैभव मेडिकेयर सेंटर का है, जहां इलाज के नाम पर लापरवाही का गंभीर आरोप सामने आया है।
सूत्रों के अनुसार, डिलीवरी के लिए एक महिला को वैभव मेडिकेयर सेंटर में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई, जबकि दो दिन बाद प्रसूता ने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद अस्पताल में ताला बंद कर डॉक्टर समेत पूरा स्टाफ फरार हो गया। इससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में अवैध अस्पतालों का संचालन लंबे समय से जारी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग कुम्भकर्णी नींद में सोया हुआ है। समय रहते यदि सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसे कई और मरीज अपनी जान गंवा सकते हैं।
फिलहाल, मामले ने तूल पकड़ लिया है और लोगों में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।
ब्यूरो रिपोर्ट: डॉ. आर. आर. पाण्डेय, प्रतापगढ़ (उ.प्र.)
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar