Breaking News
Home / BREAKING NEWS / कन्नौज में आग का कहर, दो दर्जन किसानों की फसलें जलकर राख

कन्नौज में आग का कहर, दो दर्जन किसानों की फसलें जलकर राख


ठठिया क्षेत्र में दोपहर में भड़की आग, दमकल और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू

कन्नौज। जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर भीषण आग लगने से किसानों की खड़ी फसलें जलकर राख हो गईं। इस अग्निकांड में करीब दो दर्जन से अधिक किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे ग्रामीणों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक आग की शुरुआत नदईपुरवा गांव के पास सड़क किनारे से हुई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के चलते आग हरेईपुर, हजियापुर समेत आसपास के गांवों के खेतों तक पहुंच गई और खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बड़े पैमाने पर फसलें जलकर राख हो चुकी थीं।

प्रभावित किसानों में हरेईपुर गांव के अरविंद, शिवाजी, संतराम, हरभान सिंह सहित कई लोगों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या किसी की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

मामले की सूचना मिलने पर तिर्वा तहसील प्रशासन भी सक्रिय हुआ। एसडीएम राजेश कुमार और तहसीलदार अवनीश कुमार ने बताया कि नुकसान का आंकलन करने के लिए लेखपालों की टीम मौके पर भेजी गई है। जांच के बाद प्रभावित किसानों को आपदा राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

रिपोर्ट: अवनीश चंद्र तिवारी, कन्नौज (उ.प्र.)

About One India 24 Live

Check Also

अयोध्या: सीएचसी सोहावल में बाहर की दवा लिखने का आरोप, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत

🔊 पोस्ट को सुनें स्थान: अयोध्या, यूपी अयोध्या। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोहावल में तैनात …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *